गोण्डा-आपसी रंजिश में गोली मारकर दो लोगों की हत्या, तीन अन्य जख्मी*आपसी रंजिश में गोली मारकर दो लोगों की हत्या, तीन अन्य जख्मी

Report budhram

गोण्डा। जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आज शाम पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वन्दिता में गोली चलने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जख्मी हो गए। गंभीर रूप से जख्मी एक व्यक्ति को उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया है, जबकि दो अन्य घायलों को जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
तरबगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी महाबीर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के परास पट्टी मझवार गांव के संगम पुरवा में शुक्रवार की शाम को दो पुराने राजनीतिक प्रतिद्वन्दियों के बीच उस समय विवाद हो गया, जब महात्मा गांधी नरेगा श्रमिकों को किए गए भुगतान में अनियमितता बरते जाने की शिकायत की जांच करने जिला उपायुक्त मनरेगा व खण्ड विकास अधिकारी मौके पर गए हुए थे। शिकायत कर्ता पक्ष के लोग मौके पर मौजूद थे। इस बीच ग्राम प्रधान के पुत्र व जिला पंचायत सदस्य अतुल सिंह भी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। परिणाम स्वरूप एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में दूसरे पक्ष के देवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ लाठी सिंह (52) पुत्र शिव बहादुर सिंह तथा कन्हैया लाल पाठक (30) पुत्र राधेश्याम पाठक की जिला अस्पताल लाते समय मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य लोग चन्द्र मोहन यादव (35) पुत्र बलराम सिंह निवासी नगलाधनी अमलसेरा थाना भरथना जिला इटावा, विजय कुमार सिंह उर्फ टीटू सिंह (32) पुत्र शिव बहादुर सिंह व अतुल सिंह (19) पुत्र कालिका सिंह निवासी गण परास पट्टी मझवार भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने