रिपोर्ट - वीरेन्द्र कुमार
*कर्नलगंज/गोंडा।* क्षेत्र कर्नलगंज में प्रेमजाल के मामले ने पुलिस व दो परिवार के लोगों को बीते तीन दिनों से उलझा रखा है। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नही हो सका है। इस संबंध में एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। विदित हो कि मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। यहां की निवासिनी एक महिला द्वारा कोतवाली में तहरीर देकर कहा गया है कि उसके गांव की ही एक महिला उसके पति को अपने प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बना रही थी। बीते 4 जून की रात्रि को महिला उन्हें अपने घर बुलाकर एक कमरे में शारीरिक संबंध बनाने लगी। उसी बीच उसके घर वाले जाग गये और पुलिस को बुलाकर दोनों लोगों को उसके हवाले कर दिया। महिला उसके पति के साथ शादी करने का दबाव बना रही है। पीड़ित महिला ने बताया कि तब से पुलिस मामले में उलझी है, उसे कोई रास्ता नही सूझ रहा है। उसने मामले का निस्तारण करके समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उक्त मामले में प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार सिंह का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। अभी तक किसी तरफ से तहरीर नही मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।