करनैलगंज गोंडा - सोनवार में हनुमान जन्मोत्सव पर बालाजी मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

जिला संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार-/

हनुमान जन्मोत्सव पर सोनवार के प्राचीन बालाजी मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

ग्राम पंचायत सोनवार स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर में आज हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब देखने को मिला। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही और श्रद्धालु बालाजी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते रहे। पूरे दिन आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा।
मंदिर परिसर में दिनभर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों एवं आयोजकों द्वारा व्यवस्था संभाली गई।
शाम के समय भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के माध्यम से हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया। मंदिर के महंत बृज मोहन पाण्डेय ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव का यह आयोजन हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है।
इस अवसर पर रघुनाथ प्रसाद पाण्डेय (प्रधान, सोनवार), समाजसेवी वीरेन्द्र कुमार (गड़रियन पुरवा), छोटू पांडे, शुभम पाण्डेय, अतुल शुक्ला, तथा विजय कुमार शुक्ला (प्रधानाचार्य, ब्राइट मेरिडियन अकादमी) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज से सुख-समृद्धि की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने