गोण्डा - श्रीमद् देवी भागवत कथा में धूमधाम से मना श्री कृष्ण जन्मोत्सव, “नंद के आनंद भयो” भजनों पर झूमे श्रद्धालु


जिला संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार/


गोण्डा के कर्नलगंज- श्रीमद् देवी भागवत कथा में धूमधाम से मना श्री कृष्ण जन्मोत्सव, “नंद के आनंद भयो” भजनों पर झूमे श्रद्धालु

वैरागी पुरवा सकरौरा ग्रामीण करनैलगंज में आयोजित 11 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा व्यास आचार्य प्रेमचंद पाण्डेय जी ने भगवान वामन अवतार एवं श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया


जैसे ही कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। कथा व्यास ने बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं।

कंस के कारागार में भगवान विष्णु के वासुदेव-देवकी के पुत्र रूप में प्रकट होने का प्रसंग सुन श्रद्धालु भावुक हो उठे। कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है और यह संदेश देता है कि सत्य का प्रकाश अंततः हर अंधकार को समाप्त कर देता है।

कार्यक्रम में जय मां महाकाली सेवा समिति के पदाधिकारियों सहित क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों एवं मातृशक्ति की भारी उपस्थिति रही। कथा के अंत में आरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ पांचवें दिन की कथा का विश्राम हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने