जिला संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार
Mo -9621040845
गोण्डा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान छात्राओं को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में 5,181 विद्यालयों और 3,095 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुल 18,45,736 बच्चों को डिवर्मिंग दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाकर उनके शारीरिक विकास, पोषण और स्वास्थ्य में सुधार करना है।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने छात्राओं से सीधा संवाद कर विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं ने बाथरूम की साफ-सफाई और कक्षाओं में खराब पंखों की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और प्रधानाचार्य को तत्काल दोनों समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए विद्यालय, अभिभावक और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने स्वच्छ पानी पीने, हाथ धोने, नाखून साफ रखने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।