रिपोर्ट- के के गुप्ता
अयोध्या। रामनगरी में अधिकारियों की लापरवाही पर कमिश्नर ने नकेल कसी है। बुधवार की शाम को कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेले संबंधी बैठक में न पहुंचने वाले अफसरों पर कमिश्नर ने नजरें टेढ़ी करते हुए कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। पीसीएस अधिकारी समेत 13 अफसरों से मीटिंग में न पहुचने के लिए स्पष्टीकरण और एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी हुआ है।मेले
और स्नान संबंधी बैठक बुधवार देर शाम रामकथा संग्रहालय में चल रही थी। बैठक की अध्यक्षता कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने की। इस दौरान आईजी केपी सिंह व एसएसपी शैलेश पांडेय समेत कई आलाधिकारी मौजूद थे, लेकिन 13 अफसर मीटिंग से गैरहाजिर रहे, जिसमें अधिकांश संख्या मजिस्ट्रेट की थी।आयुक्त में नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया कि अनुपस्थित अधिकारीगण का तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाय और स्पष्टीकरण स्वीकार होने तक इनका 17 नवंबर का वेतन रोक दिया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि अनुपस्थित अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइन्ट पर समय से उपस्थित होकर सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।