करनैलगंज गोंडा – आस्था के सागर में डुबकी लगाते श्रद्धालु, कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


जिला संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार/


करनैलगंज, गोंडा।
आस्था और श्रद्धा का पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को करनैलगंज क्षेत्र के कटरा सरयू घाट पर आस्था की गंगा बहती दिखाई दी। हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही पवित्र सरयू नदी के तट पर पहुंचे और मां सरयू की पावन धारा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद भगवान विष्णु और शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

पर्व को लेकर प्रशासन ने भी चाक-चौबंद व्यवस्था की थी। घाटों पर एनडीआरएफ, पीएसी, और स्थानीय गोताखोरों की टीमें तैनात रहीं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल के जवान घाटों और मेले के प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद रहे। भीड़ नियंत्रण और दिशा-निर्देशन के लिए महिला पुलिसकर्मी एवं ट्रैफिक पुलिस की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई थी।

उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उनके आदेश पर घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की गई थी।
मेले में धार्मिक माहौल के बीच महिलाएं व बच्चे जमकर खरीदारी करते दिखाई दिए। खिलौने, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर रौनक रही। वहीं प्रशासन की ओर से लगाए गए नियंत्रण कक्ष में लगातार निगरानी की जा रही थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

पवित्र कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू घाट का नजारा भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। मां सरयू के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु सूर्य के उदय से लेकर दोपहर तक डुबकी लगाते रहे हैं।

إرسال تعليق

أحدث أقدم