जिला संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार/
करनैलगंज, गोंडा – सिखों के प्रथम गुरु और विश्व मानवता के प्रतीक श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बुधवार को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा करनैलगंज नगर स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा स्टेशन रोड से प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों होते हुए पुनः गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में सिख समुदाय के महिला-पुरुष, बच्चे एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। नगाड़ों की थाप, पंज प्यारे, निशान साहिब और कीर्तन जत्थों के मधुर भजन से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
गुरुद्वारा परिसर में सुबह से ही अखंड पाठ साहिब एवं कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। साथ ही गुरु का लंगर निरंतर चलता रहा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
प्रकाश पर्व के इस अवसर पर नगर में धार्मिक वातावरण बना रहा। गुरु सिंह सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज में प्रेम, समानता और सेवा की भावना को जीवित रखते हैं।
भव्य शोभायात्रा के दौरान नगरवासी भी श्रद्धा भाव से शामिल होकर गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते नजर आए।
Tags
उत्तर प्रदेश