रिपोर्ट -/ वीरेन्द्र कुमार-/
घट स्थापना के साथ वैरागीपुरवा में 11 दिवसीय श्रीमद्देवी भागवत कथा का भव्य शुभारंभ
करनैलगंज, गोण्डा
जय मां महाकाली सेवा समिति वैरागीपुरवा करनैलगंज गोण्डा के तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय संगीतमय श्रीमद्देवी भागवत कथा का सोमवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ शुभारंभ हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच कथा स्थल पर घट स्थापना और कलश पूजन किया गया। मुख्य यजमान संगम लाल शुक्ला ने पोथी पूजन एवं मां भगवती की आरती कर धार्मिक आयोजन का शुभारंभ कराया
प्रथम दिन व्यासपीठ से कथावाचक प्रेमचंद पाण्डेय ने श्रीमद्देवी भागवत महापुराण के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि कलयुग में मां भगवती की आराधना ही मानव जीवन को सुख, शांति और मोक्ष प्रदान करने का सबसे सरल माध्यम है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से देवी भागवत कथा का श्रवण करने से जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट होते हैं और भक्तों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कथा के दौरान प्रस्तुत भक्ति गीतों एवं देवी भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु “जय माता दी” और “जय मां भवानी” के जयकारों के साथ भक्ति रस में डूबे नजर आए। कथा पंडाल में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन कथा के साथ भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अंत में मां भगवती की आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
Tags
उत्तर प्रदेश