रिपोर्ट - वीरेन्द्र कुमार /
Mo - 9455637419
गोंडा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 293 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में भव्य आयोजन, 280 हिंदू रीति से तो 13 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न
गोंडा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को शहर स्थित रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों तथा नगर निकायों से कुल 355 जोड़े पंजीकृत थे, जिनमें से 293 जोड़ों का विवाह पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। इनमें 280 जोड़ों का विवाह हिंदू परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ, जबकि 13 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामिक रीति से मौलवी साहिबे आलम ने संपन्न कराया। विवाह समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और नवदंपतियों के परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला
कार्यक्रम में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विवाह मंडप में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी जाति या धर्म के भेदभाव के पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ उपलब्ध करा रही है
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए ₹64,000 की आर्थिक सहायता निर्धारित है। इसमें नियमानुसार धनराशि कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है, जबकि नवदंपतियों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, पांच साड़ियों का सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी, सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य आवश्यक उपहार सामग्री भी प्रदान की जाती है।
समारोह में जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, डीसी एनआरएलएम जे.एन. राव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, विभिन्न विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
Tags
उत्तर प्रदेश