जिला संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार
गोंडा में लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन किशोर अभिरक्षा में
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, लूट में प्रयुक्त अपाचे बाइक, तीन मोबाइल व नकदी बरामद
चार पुलिस टीमों की मेहनत लाई रंग, तीन दिन में लूट की वारदात का सफल अनावरण
खबर विस्तार से
गोण्डा, 29 जुलाई। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का महज तीन दिन में सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल तीन विधि का उल्लंघन करने वाले किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से ₹4,250 नकद बरामद किए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर इस वारदात का पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की शाम उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के मंगुरा बाजार निवासी मो. आलम अपने मित्र की कपड़े की दुकान से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। मुरावनपुरवा के पास पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उन्हें रोककर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद बदमाश उनकी मोटरसाइकिल, डिग्गी में रखे ₹10,000 नकद तथा वीवो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया था।
बुधवार को बाबाकुटी चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलों पर सवार सात संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर शिवम उपाध्याय (21 वर्ष) निवासी मन्नीपुरवा, थाना तरबगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ तीन किशोरों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से ₹4,250 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय शंकर, भानु प्रताप मौर्य, दुर्ग विजय सिंह, आनंद कुमार उपाध्याय, राहुल मौर्य, हेड कांस्टेबल करन यादव, शौकत अली तथा कांस्टेबल जागेश्वर गौड़ और दीप नारायण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
उत्तर प्रदेश