कर्नलगंज गोंडा - चोरों ने नगदी समेत बेशकीमती गहने पर किया हाथ साफ

  रिपोर्ट  - वीरेन्द्र कुमार

(पीड़ित ने कोतवाली में दी नामजद तहरीर।)

*कर्नलगंज गोण्डा।* क्षेत्र में एक तरफ लोग जहां भीषण गर्मी से परेशान हैं तो वहीं दूसरी तरफ चोर भी गर्मी का फायदा उठाकर  चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में लग गए हैं। जिसका जीता जागता नजारा कोतवाली क्षेत्र कर्नलगंज के एक गांव में देखने को मिला जहां बेखौफ चोरों ने एक ग्रामीण के घर के साथ ही  मंदिर को भी नहीं बख्शा और ताला तोड़ते समय ग्रामीण की आंख खुल गई नहीं तो अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां चोरों के हत्थे चढ़ जाती। मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसालतपुर का है जहां एक घर मे रात्रि में घुसकर नगदी समेत सोने चांदी के गहने पर चोरों ने हाथ साफ किया है। उक्त संबंध में पीड़ित रामरंग पुत्र रामलाल पांडेय निवासी ग्राम बसालतपुर थाना कोतवाली कर्नलगंज द्वारा थाने में तहरीर देकर कहा गया है कि रविवार की रात अधिक गर्मी होने के कारण परिवार के लोग खाना खाकर सोने के लिए छत पर चले गए। रात्रि लगभग डेढ़ बजे कुछ आवाज़ आई जिससे उसकी पत्नी व बेटी की आंख खुल गई। नीचे उतरकर देखा तो चोर रामजानकी मंदिर का ताला तोड़ रहे थे। क्योंकि रामजानकी मंदिर में बेशकीमती अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियां रखी थीं। तभी बेटी को अपनी तरफ आता देख चोर भागने लगे। भागते हुए चोरों में दो लोगों को पीड़ित की पत्नी ने पहचान लिया। हल्ला गुहार पर परिवार के अन्य लोगों की नींद खुली और गांव के तमाम लोग इकट्ठा हो गए। वहीं परिजनों के होश उड़ गए जब उन्होंने देखा कि घर के कई दरवाजे के ताले टूटे और दरवाजे खुले हुए थे। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए कहा कि घर मे रखे बक्से गायब थे तथा अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था जिसमे बेशकीमती आभूषण रखा हुआ था। बताया कि एक अदद माथबेंदी, एक अदद पायजेब, एक जोड़ी झुमका, दो जोड़ी झाला, दो जोड़ी करधनी, एक अंगूठी, बारह चांदी के सिक्के कीमती कपड़े व सोलह हजार रुपये नगद अलमारी में रखा था जो चोर उठा ले गए। पीड़ित ने फौरन इसकी सूचना हल्का पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे हल्का सिपाही, ग्रामीणों व घर वालों ने चोरों की काफी खोजबीन की परंतु कुछ पता नही चला। सुबह होने पर खोजबीन की गई तो एक तालाब के किनारे अटैची व बक्से टूटे फूटे बिखरे हालात में पाए गए। जिसका कोई सुराग कोतवाली पुलिस अभी तक नहीं लगा सकी है।

إرسال تعليق

أحدث أقدم