गोंडा यूपी - आईजीआरएस रैंकिंग में फिर चमका देवीपाटन मंडल, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान

जिला संवाददाता- वीरेन्द्र कुमार / 9621040845

जुलाई में 94.55 प्रतिशत अंक के साथ मंडल बना नंबर-1, लगातार पांच माह से शानदार प्रदर्शन जारी

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की सख्त मॉनिटरिंग और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद ने दिलाई बड़ी सफलता

गोण्डा, 02 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का लोहा मनवाया है। जुलाई 2026 की जारी रैंकिंग में देवीपाटन मंडल ने 110 में से 104 अंक हासिल कर 94.55 प्रतिशत के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मंडल की यह उपलब्धि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के प्रति मंडलीय प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की सख्त मॉनिटरिंग में मंडल के चारों जनपद गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक माह अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित प्रकरणों, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि की स्थिति की गहन समीक्षा की जाती है।

मंडलायुक्त का विशेष जोर इस बात पर है कि शिकायत का महज कागजी निस्तारण न हो, बल्कि फरियादी की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में वह प्रत्येक माह रैंडम आधार पर पांच शिकायतकर्ताओं से स्वयं फोन पर बातचीत कर निस्तारण का फीडबैक लेती हैं। शिकायतकर्ता से यह जानकारी ली जाती है कि उसकी समस्या वास्तव में दूर हुई या नहीं। यदि कहीं केवल औपचारिक कार्रवाई अथवा कागजी निस्तारण सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाती है।

‘संध्या संवाद’ और ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ बनीं सफलता की मजबूत कड़ी

देवीपाटन मंडल में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई अभिनव पहल ‘संध्या संवाद’ भी प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर जनशिकायतों को चिन्हित कर उनके प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।

वहीं, महिलाओं एवं बेटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ पहल भी आईजीआरएस की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बनी है। इस व्यवस्था के तहत महिलाओं की समस्याओं की नियमित सुनवाई कर उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे महिला शिकायतकर्ताओं में प्रशासन के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है।

पांच माह से लगातार शीर्ष प्रदर्शन

देवीपाटन मंडल का शानदार प्रदर्शन केवल जुलाई तक सीमित नहीं है। मंडल ने पिछले पांच महीनों में लगातार प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले मंडलों में अपनी जगह बनाए रखी है। मार्च 2026 में प्रथम, अप्रैल में प्रथम, मई में द्वितीय तथा जून और जुलाई में पुनः प्रथम स्थान हासिल कर मंडल ने शिकायत निस्तारण के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता का उदाहरण पेश किया है।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल के सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, जिम्मेदार कार्यशैली और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनशिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी लाभ मिल सके और प्रशासन के प्रति जनविश्वास और अधिक मजबूत हो।

إرسال تعليق

أحدث أقدم