करनैलगंज गोंडा -वर्षों से दर्द में तड़प रहे सांड का रेस्क्यू, इलाज के लिए हरियाणा रवाना

संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार /


करनैलगंज। करनैलगंज-अयोध्या मार्ग पर चकरौत बाजार के पास पिछले करीब 5-6 वर्षों से गंभीर बीमारी और असहनीय पीड़ा से जूझ रहे सांड का आखिरकार रेस्क्यू कर लिया गया। सांड के गुप्तांग में चोट के बाद संक्रमण फैलने से उसके आसपास करीब 8-10 किलोग्राम का बड़ा ट्यूमर विकसित हो गया था। गंभीर हालत के चलते वह अक्सर दर्द से चिल्लाता और आक्रामक व्यवहार करता था
सांड की दयनीय स्थिति देखकर चकरौत बाजार निवासी सत्यम तिवारी और चंदन कुमार ने श्री सिया जू कामधेनु गौ सेवा धाम से संपर्क किया। मामले की जानकारी मिलते ही कनक बिहारी दास और विशाल कौशल ने दोनों युवकों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 36 घंटे तक लगातार प्रयास के बाद सांड को सुरक्षित पकड़ लिया गया। चिकित्सकों की मदद से उसे बेहोशी का इंजेक्शन देकर नियंत्रित किया गया।
चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे दूसरे चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद हरियाणा की गोकुल गोधाम महातीर्थ संस्था से संपर्क किया गया। संस्था की ओर से झज्जर क्षेत्र से एंबुलेंस भेजी गई, जिसके बाद सांड को बेहतर इलाज के लिए हरियाणा रवाना कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में योगदान देने वाले कनक बिहारी दास, विशाल कौशल, सत्यम तिवारी, चंदन कुमार व अन्य सहयोगियों के प्रयासों की स्थानीय लोगों ने सराहना की। रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष अरमान पुरवार, संजीव मोदनवाल और संतोष पांडे ने रेस्क्यू अभियान से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया।

إرسال تعليق

أحدث أقدم